Tuesday, 30 August 2011

सदमा

विदुषी दौड़ कर विमल के घर गई और दरवाजा पीटते हुए जोर- जोर से चिल्लाने लगी , ' भाई साहब ! भाई साहब ! दरवाजा खोलिए जल्दी , विक्रांत .....देखिए ना आकर !"
विमल अभी कुछ समय पहले ही अपनी एम्. बी . ए . की परीक्षा देकर दिल्ली से लौटा था .
विमल विदुषी की आवाज सुनकर अचंभित हो गया और दरवाजा खोला तो देखा वह बहुत ही घबराई और बहुत ही अस्त- व्यस्त हालत में थी
" क्या हुआ भाभी जी, इतना घबराई हुई क्यों है ? क्या हुआ विक्रांत को ? "
" भाई साहब, जल्दी चलिए मेरे साथ, विक्रांत एक पतला सा तार गले में डाल कर आत्महत्या करना चाहता है . मेरे लाख मना करने पर भी उन पर कोई असर नहीं है "

" मगर क्यों ? ऐसा क्या हो गया ! जो वह यह पागल पन करना चाहता है " ऐसा कह कर वह अपने क्वार्टर का दरवाजा बंद कर जल्दी से विदुषी के पीछे- पीछे हो लिया . विक्रांत का क्वार्टर विमल के क्वार्टर के ठीक सामने पार्क के दूसरी तरफ था .

विक्रांत के घर के बाहर लोगों की भीड़ लगी थी परन्तु कोई भी अन्दर जाने की हिम्मत नहीं कर रहा था .विमल को आता देखकर सब इधर- उधर हो गए . विमल विक्रांत का सबसे ख़ास मित्र था . जबसे उसने नौकरी ज्वाइन की थी तब से लेकर विमल ने हर सुख- दुःख में विक्रांत का साथ दिया था . दोनों की विचारधारा काफी मेल खाती थी इसलिए देखते- देखते वे दोनों घनिष्ठ मित्र बन गए थे . विक्रांत ने बनारस हिन्दू युनिवर्सीटी से इंजीनीयरिंग की डिग्री हासिल की थी और विमल ने दिल्ली से इंजीनीयरिंग की थी . दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे इसलिए ज्यादातर एक साथ ही रहते थे परन्तु दोनों के स्वभाव में ख़ास तौर पर एक बड़ा फर्क था .जहाँ विक्रांत अंतर्मुखी था वहीँ विमल काफी मिलनसार और हंसमुख स्वभाव का था .विक्रांत को हमेशा एकांत में रहना पसंद था जबकि विमल हर समय लोगों से घिरा रहता था . विक्रांत का बचपन बहुत तंगी ओर अभाव में बीता था इसलिए उसे शुरू से ही एक एक पैसा देख कर खर्चने की आदत थी . जहाँ भी उसको पैसे बचाने का एक भी मौका मिलता तो विक्रांत वह मौका बिल्कुल ना चूकता .उसकी इस आदत से उसके सब दोस्त ओर आफ़िस के लोग वाकिफ थे ओर इसी कारण वह सबके बीच हँसी का पात्र ओर चर्चा का विषय बना रहता . जब कुछ लोग कहीं पर इकट्ठे बैठ कर चाय पी रहे होते तो एक दूसरे से मजाक में जरुर कहते कि सब जल्दी- जल्दी चाय पी लो वरना मुफ्त की चाय पीने ना जाने कब विक्रांत टपक पड़ेगा .

विमल जब विक्रांत के घर पहुंचा तो उसने देखा कि उसकी आँखें एक दम से लाल हो रही थी . ऐसा लग रहा था जैसे वह कई दिनों से सोया ना हो और वह आपे से बाहर हो रहा था .चेहरा उसका फूला हुआ लग रहा था ,बाल बिखरे हुए थे , हल्की - हल्की दाढ़ी उसके चेहरे को गंभीर बना रही थी . उसने बनियान और बरमूडा पहना हुआ था और उसके हाथ में चार- पाँच मीटर लम्बा तार था . घर का सारा सामान इधर- उधर बिखरा हुआ था , कहीं कपड़े फैले हुए थे तो कहीं बर्तन पड़े हुए थे जैसे अभी- अभी कोई भूचाल आया हो . हमेशा सलीके से रहने वाले साफ़ सुथरे विक्रांत की ऐसी हालत देखकर विमल कुछ समझ नहीं पाया . विमल को सामने आता देखकर विक्रांत ने तार को अपने गले के चारों ओर लपेटना शुरू कर दिया और चिल्लाने लगा , " चले जाओ यहाँ से वरना मै ये तार खींच लूँगा "
विमल ने परिस्थिति की गंभीरता को समझते हुए थोड़े शांत लहजे में कहा , " अरे- अरे विक्रांत, ये क्या मूर्खो वाली हरकत कर रहे हो ? "
" कुछ नहीं बस तुम यहाँ से चले जाओ , मै मरना चाहता हूँ और जीना नहीं चाहता "
कहते- कहते विक्रांत एक दम से फूट- फूट कर रोने लगा . और नीचे कुर्सी पर बैठ गया . विमल उसको थोड़ा शांत होते देख धीरे- धीरे उसके पास पहुंचा और आराम से उसके हाथ से तार ले लिया और उसे विदुषी को पकडाते हुए कहने लगा , " भाभी जी ,ये लीजिये तार और इसे फैंक दीजिये . अब मै और विक्रांत आराम से बैठकर खूब सारी बातें करेंगे "
विक्रांत विमल से आँखें नहीं मिला पा रहा था और गर्दन नीचे झुकाए- झुकाए एक छोटे बच्चे की तरह बोलने लगा , " विमल, तुम्हे नहीं पता कि तुम यहाँ नहीं थे तो उन लोगों ने मेरा कितना मजाक उड़ाया " कहते हुए वह फिर सिसकने लगा
" मतलब .....? " प्रश्नवाची निगाहों से विमल ने पूछा
" तुम्हे पता ही है ना कि कल मेरी शादी की सालगिरह थी इसलिए मैंने दफ्तर और आसपास के कुछ लोगों को चाय- पानी के लिए घर पर बुलाया था .मगर उन लोगों ने मेरे साथ इतना भद्दा मजाक ................! " कहते- कहते वह जोर- जोर से फिर रोने लगा .
विक्रांत को सांत्वना देते हुए बात को आगे बढ़ाने के लहजे से विमल ने पूछा , " उन लोगों ने ऐसा क्या किया कि तुम अपनी जान लेने को आमादा हो गए "
" सालगिरह के लिए जो गिफ्ट वो लोग पैक करके लाए थे उसमे टूटे- फूटे गिलास , घर का पुराना सामान ,और कुछ ने तो कोंडम के पैकट तक पैक किए हुए थे ." ऐसा कहते ही वह सिसकते- सिसकते फिर से पास पड़ी चद्दर से अपने गले में फंदा डाल कर कसने लगा .
इस बार विमल को गुस्सा आया और उसने विक्रांत की आँखें खोलने के लिहाज से जोर से उसके मुँह पर थप्पड़ दे मारा और उसको डाँटते हुए जोर से बोला , " कैसे बुजदिल इंसान हो तुम ? बार- बार मरने के बारे में सोच रहे हो . क्या तुम्हे मेरी दोस्ती और भाभी के प्यार का जरा भी ख्याल नहीं है ? "
इस पर शांत होने की बजाय विक्रांत की आँखें और भी लाल हो गई और ज्यादा उग्र होते हुए अपने आपे से बाहर होते हुए कहने लगा , " जाओ मेरे घर से बाहर निकल जाओ और अपनी एक मूंछ काट लो और एक मै अपनी काट लेता हूँ "

कहते- कहते वह जोर- जोर से रोने लगा और पागलों की तरह इधर- उधर घूमने लगा . विमल अभी तक विक्रांत की मानसिक हालत को ठीक से समझ नहीं पा रहा था . वह बुरी तरह से अभी तक अवसाद की हालत में था . कभी- कभी मजाक में जोर- जोर से बोलता , " तुम्हे पता है मुझे दहेज़ में खूब सारा सामान मिला है मगर तुम्हारी भाभी के लिए वह किसी भी काम का नहीं है . यहाँ लाकर उस सामान को क्या करता इसलिए अपने पुश्तैनी घर में अपने माता- पिता के पास रख दिया है .तुम्हारी भाभी इस वजह से मुझे खूब बुरा भला भी कहती है तो तुम ही बताओ कि क्या सामान को संभाल कर रख कर मैंने कोई ग़लती की है "
.विमल इस पर उसे समझाता था कि उसने कोई ग़लती नहीं की है . वह सब कुछ भाभी का ही तो है वह जब चाहे वहाँ से ले आए . उल्टा उनका सामन वहाँ ज्यादा सुरक्षित है . पर वह मन ही मन सोचता था कि विक्रांत बेशक दिल का बुरा नहीं है परन्तु आजकल के हिसाब से देखा जाए तो विक्रांत की पत्नी उसके स्वभाव के कारण जरूर दुखी रहती होगी और दूसरी तरफ विदुषी भाभी की वजह से विक्रांत परेशान रहता होगा क्योंकि विदुषी बहुत बड़े घर की लड़की है ओर जैसे माहौल से वह आई है वैसा माहौल उसे इस कंपनी में कहाँ मिल पा रहा होगा . इसी कारण वह विक्रांत को कभी- कभी कुछ चुभने वाली बाते कह देती होगी जिससे उसका मानसिक संतुलन दिन पर दिन बिगड़ता जा रहा है . विक्रांत की ऐसी हालत देखकर विमल जल्दी से अपने घर गया और वहाँ से उसने डाक्टर को फोन किया , " डाक्टर साहिब, जल्दी आएँ विक्रांत की तबीयत बहुत खराब है " और इस तरह विमल ने एक ही सांस में विक्रांत की हालत का सारा किस्सा डाक्टर को सुना दिया .
थोड़ी देर में उनकी कंपनी के डाक्टर विक्रांत के क्वार्टर पर पहुँच गए , तब वहाँ लोगों का मजमा लगा हुआ था . सब लोग उसकी पागलों वाली हरकतों को बड़ी हैरानी से देख रहे थे. विक्रांत को उस समय सारी दुनिया दुश्मन की तरह नजर आ रही थी परन्तु लोगों को तो जैसे वो सब एक तमाशा लग रहा था और देखने में मजा आ रहा था . डाक्टर भी एक बार तो हैरान हो गए विक्रांत की हालत देखकर , फिर विमल ने कुछ लोगों की मदद से बड़ी मुश्किल से विक्रांत को काबू किया और डाक्टर ने उसे नींद का इंजेक्शन दिया और कहने लगे , " अब घबराने की कोई बात नहीं है , नींद के इंजेक्शन से ये अब आराम से कुछ देर सो जाएगा परन्तु उठने के बाद फिर से पागलों वाली हरकतें ना करे इसलिए बड़ी समझ के साथ इसके साथ पेश आना पड़ेगा . इस बिमारी को मेडिकल साइंस में स्किजोफ्रेनिया कहते हैं ."

विमल ने सारी परिस्थिति को अच्छे से समझने के लिए डाक्टर से सवाल किया , " डाक्टर साहिब इस बिमारी के और क्या लक्षण है और इसकी क्या वजह होती है "
" इस बिमारी में मरीज सारी दुनिया को अपना दुश्मन समझने लगता है और इसलिए मरीज को बहुत ही प्यार , सहानुभूति और अपनेपन की जरूरत होती है . मरीज के दिल को गहरी ठेस पहुँची है इसलिए वह अवसाद की उस हालत में पहुँच गया है जहाँ पर उसका अपने दिल - दिमाग पर कोई नियंत्रण नहीं रहा "

कुछ देर बाद विक्रांत जब गहरी नींद सो गया तो विमल ने हालात की नाजुकता को समझते हुए विदुषी से कहा , " भाभी जी , अभी भी कुछ यकीन से कहा नहीं जा सकता इसलिए आप जल्द से जल्द विक्रांत के घर वालों को बुला लीजिये तांकि आपको अकेले परेशानी ना झेलने पड़े और हो सकता है विक्रांत के माता- पिता के आने पर उसकी हालत कुछ सुधर जाए और वह सब बातें भूल जाए " यह कहते- कहते विमल विदुषी से जाने की इजाजत लेकर विक्रांत के क्वार्टर से बाहर निकल गया .

शाम के समय जब विमल अपने घर के बाहर घूम रहा था तो उसने देखा कि उसके कुछ आफ़िस के मित्र उसकी तरफ ही आ रहे थे .सभी के चेहरे मुरझाए हुए और अपराध बोध से ग्रस्त थे . विमल ने उनसे पूछा , " क्या आप लोग ही कल विक्रांत के घर पर उसकी पार्टी में गए थे. क्या आप लोगों को विक्रांत की मानसिक हालत के बारे में कुछ भी जानकारी है ? "

उनमे से एक ने उत्तर दिया , " हाँ, हम सब कल शाम उसके घर पर थे . अभी- अभी मालूम चला कि उसे स्किजोफ्रेनिया का अटैक हुआ है. परन्तु हम लोगों का उसको परेशान करने का कोई इरादा नहीं था .मगर तुम भी तो उसकी आदत से अच्छे से वाकिफ हो कि वह कितना कंजूस है . पहली सालगिरह पर भी सिर्फ चाय , नमकीन और बिस्कुट खिलाना चाहता था . यह बात हमे पहले ही पता चल गई थी . इसलिए जैसे को तैसा सबक सिखाने के लिए हमने भी घर में उपयोग में लाया हुआ बेकार सामान उसे पैक करके दे दिया . "

इस पर एक दूसरे मित्र ने उसकी बात पर हामी भरते हुए , ' अरे, इसमें हमने कौन सा कोई गुनाह कर दिया जो सब लोग बात को इतना बड़ा रहे हैं . . कोई अपने घर सालगिरह के मौके पर भी ऐसे बुला कर बेइज्जत करता है क्या ? . चाय बिस्कुट तो हम हर रोज अपने घर में भी तो खाते है. खुद तो विक्रांत हर समय दूसरों से चाय आदि पीने की ताक में रहता है ओर अपना एक रूपया भी खर्चना पड़े तो उसकी जान निकल जाती है "

विमल पहले तो चुप- चाप उनकी बातें ध्यान से सुनता रहा फिर क्रोध में आकर बोला , " किसी के स्वभाव के कारण इस तरह उसका मजाक उडाना क्या अच्छी बात है? .पुराना सामान तक तो ठीक है परन्तु कोंडम पैक करके देना कितनी शर्मनाक बात है . क्या आप सबके संस्कार यही कहते है ? . अगर आप लोगों को चाय बिस्कुट नहीं खाने थे तो सालगिरह पर मत जाते कोई आपको किसी ने जबरदस्ती थोड़ा की थी . परन्तु इस तरह का बेहूदा मजाक करके किसी के दिल को ठेस पहुँचाना कहाँ की समझदारी है . विक्रांत ने आप लोगों की हरकत से खुद को अपनी पत्नी के आगे इतना अपमानित महसूस किया कि वह आत्महत्या करने पर मजबूर हो गया . अगर उसको कुछ हो जाता तो क्या आप लोग गुनाहगार ना होते और क्या खुद को आप लोग माफ़ कर पाते ? .चलो अब जो हुआ सो हुआ अगर आप लोगों को अपने किए पर जरा भी पछतावा है तो चल कर विक्रांत से माफ़ी माँग लो . वह कंजूस बेशक हो परन्तु बहुत ही भोला है इसलिए जरूर आप लोगों को माफ़ कर देगा "

सभी को विमल की बात सही लगी और वे सब विक्रांत के घर गए और उससे माफ़ी माँग कर और अपनी भूल स्वीकार कर भविष्य में कभी भी ऐसा मजाक किसी के साथ भी ना करने की ठान कर अपने- अपने घर को चले गए.

परन्तु अभी भी विक्रांत की मानसिक अवस्था सामान्य नहीं हुई थी . दूसरे दिन ही उसके घर वाले आ गए और उसे जब गाड़ी में बिठाकर घर ले जाने लगे तो वह गाड़ी से कूद पड़ा और उसे बहुत गंभीर चोटें आई . फिर उसके घर वाले उसके हाथ पैर बाँध कर उसे बनारस के बड़े अस्पताल में ले गए जहाँ पर कई महीने तक उसका इलाज चला . परन्तु इतने इलाज के बावजूद भी वह कभी फफक कर रोने लगता और कभी एकांत में बैठा शून्य में देखता रहता .उस घटना के बाद उसे इतना गहरा सदमा लगा था कि उसे सारी दुनिया उसकी शत्रु लगने लगी .बचपन से ही वह बहुत सादे माहौल में रहा था उसका घर बहुत ही पुराना था जैसे पहले समय में गाँव में कच्चे घर हुआ करते थे , जहाँ पर कहीं- कहीं मकड़ियों के जाले लगे होते है तो कहीं- कहीं मेंढकों के टर्र- टर्र की आवाज सुनाई दे रही होती है और कच्ची जगह से अक्सर सांप , बिच्छू आदि निकल आते थे परन्तु विक्रांत को इन सबसे कोई फर्क नहीं पड़ता था . जीओ और जीने दो की धारणा में वह विश्वास करता था. दुनिया के हर प्राणी से वह प्यार करता था और बाहरी चका- चौंध से काफी दूर था .इसलिए अब उस हादसे के बाद वह अपनी दुनिया में ही खोया रहता , ना किसी से बात करता ना किसी से मिलना पसंद करता और अकेले में अपने आप से ही बातें करते रहता ,जिसे हम दुनिया वाले पागल की संज्ञा दे देते हैं .


Saturday, 7 May 2011

"औरत होने का दर्द "



"औरत होने का दर्द "


औरत होने का दर्द कौन समझता है ?,
हर कोई बस परखता है !

कभी माँ, कभी बीवी बनकर बलि की देवी बनती है
नौ महीने गर्भ के बीज को पल- पल खून से सींचती है
नव कोपल के फूटने के लम्बे इन्तजार को झेलती है
कौन आगे बढकर प्यार से माथे का पसीना पौंछता है ?
नवजीव के खिलने के असहनीय दर्द को कौन समझता है ?,
हर कोई बस परखता है !


माँ बनकर अपने जिगर के टुकड़े को हर दिन बढ़ते देखती है
कभी प्यार से तो, कभी डांट से पुचकारती है
खुद भूखा रहकर भी हर एक का पेट भरती है
कभी रात का बचा भात तो ,कभी दिन की बची रोटी रात में खाती है
इस बलिदान को कौन समझता है ?,
हर कोई बस परखता है !

कभी पति, कभी बच्चों की दूरी को कम करते पिस जाती है
बच्चें लायक हो तो पिता का सीना गर्व से फूलता है
परीक्षा में कम निकले तो हर कोई माता को कोसता है
हम सफ़र के माथे की हर शिकन को तुरंत भांप लेती है
इस ममता को कौन समझता है ?,
हर कोई बस परखता है !

कभी बेटी, कभी बहन बनकर सब सह जाती है
कभी बाप , कभी भाई के गुस्से में भी मुस्कुराती है
मायके में बचपन के आँगन का हर कर्ज चुकाती है
अपने हर गम, हर दुःख में भी सबका गम भुलाती है
इस दुलार को कौन समझता है ?,
हर कोई बस परखता है !

कभी प्रेमिका बनकर, कभी दोस्ती के नाम पर छली जाती है
खुद गुस्सा होकर भी अपने प्रेमी को हर पल मनाती है
प्रेमी के मन की हर बात बिन कहे समझ जाती है
अपना हर आंसू उससे छुपा लेती है
कभी उसकी याद में तो, कभी बेरुखी में तड़पती है
इस जलन को कौन समझता है ? ,
हर कोई बस परखता है !

कभी बहू बनकर दहेज़ के नाम पर ताने सह जाती है
बेटी पैदा करने पर गुनाहगार ठहराई जाती है
कभी प्रसव तो , कभी गर्भ -पात की पीड़ा झेल जाती है
अपने ही अरमानों की अर्थी अपने कांधो पर उठाती है
इस संवेदना को कौन समझता है ? ,
हर कोई बस परखता है !

Sunday, 1 May 2011

हमदर्दी

हमदर्दी

एकता और काजल दोनों सहेलियां थी . जब भी कोई बाजार का काम होता तो दोनों साथ- साथ चली जाती थी क्योंकि जिस कंपनी में दोनों के पति काम करते थे वह जगह शहर से कुछ दूर पड़ती थी .वे दोनों कंपनी की बनाई कालोनी में रहती थी .एकता जब काजल के घर पहुँची तो वह अभी तैयार नहीं थी इसलिए वह एकता को कुछ देर इन्तजार करने को कहती है,
"चल, पहले एक- एक कप काफी पीते है फिर चलते हैं . तब तक मै तैयार भी हो जाउंगी , तुम तो समाज सेवा में इतना व्यस्त रहती हो कि बिन काम से मेरे घर कभी आती ही नहीं हो "

" नहीं- नहीं काजल ,ऐसी कोई बात नहीं , दरअसल छब्बीस जनवरी आने वाली है उसकी तैयारी में लगी थी कई दिनों से . उस दिन अपनी कालोनी में तिरंगा फिराने का और कल्चरल कार्यक्रम रखा है . साथ ही आसपास की झुग्गी झोंपड़ी के बच्चों को लेडीस क्लब की तरफ से कपड़े और किताबें बांटनी है , जिसके लिए हर सदस्य से हमने सो- सो रुपये इकट्ठे किए हैं ."

" अरे हाँ , छब्बीस जनवरी से याद आया उस दिन कंपनी के क्लब की तरफ से कसोली में पिकनिक भी तो जा रहा है . वापिस आते हुए उसके पांच सौ रुपये भी जमा करवाने है . पिकनिक पर तुम भी चलती तो बहुत मजा आता . "

" नहीं- नहीं काजल , छब्बीस जनवरी का प्रोग्राम तो ख़ास मैंने रखा है इसलिए मै तो किसी हालत में भी नहीं जा पाउंगी "

तभी काजल का बेटा साहिल बाहर से भागा- भागा आया और कहने लगा ," मम्मी - मम्मी , हमारे स्कूल का पिकनिक जा रहा है मुझे उसके लिए कल पांच सौ रुपये जमा करवाने है "

काजल बेटे को समझाते हुए , " नहीं साहिल , पापा के आफ़िस की तरफ से छब्बीस को कसोली पिकनिक जा रहा है उसमे सब साथ- साथ चलेंगे "
" नहीं मम्मी , छब्बीस को तो हमे स्कूल जाना जरुरी है परेड के वास्ते . इसलिए मै तो सत्ताईस तारीख को स्कूल वाले पिकनिक के साथ ही जाऊँगा . मेरे सभी दोस्त जा रहे हैं . वैसे भी आप लोगों के साथ मै बोर हो जाता हूँ "

" ठीक हैं, पापा आयेंगे तो उनसे लेकर दूंगी अभी मेरे पास नहीं है "

तभी काजल की काम वाली कमला महीने के पैसे लेने आ गई . जब काजल ने उसे तीन सौ रुपये दिए तो वह कहने लगी , " बीबी जी, सब लोग अब तीन सौ पचास रुपये देते है आप भी पचास रुपये बढ़ा दीजिये . इतनी महंगाई में गुजारा नहीं होता है "
काजल बेरुखी से कमला को कहती है , " महंगाई क्या तुम लोगों के लिए है सिर्फ . हम लोगों को भी तो इतनी महंगाई में गुजारा करना मुश्किल हो जाता है "

" बीबी जी, छोटी बेटी बीमार है भगवान् के लिए पचास रुपये और दे दीजिये ना, उसकी दवा लानी है. "

" जब गुजारा नहीं होता तो इतने- इतने बच्चें क्यों पैदा करते हो . इस महीने मेरा भी हाथ बहुत तंग है , अगले महीने ले लेना. अब जाओ यहाँ से मुझे बाजार के लिए देर हो रही है "

काजल, एकता की तरफ देखते हुए , " क्यों भई एकता, तुम अपनी कामवाली को कितने पैसे देती हो "

एकता चुप हो गई क्योंकि उसे पता था कि अगर वह सच्चाई बताएगी तो उल्टा काजल उसी को कहना शुरू कर देगी कि तुम जैसे लोगों के कारण ही ये कामवालियां सर पर चढ़ जाती हैं . मन ही मन एकता सोचती है कि हमारे दिखावे भरे समाज की क्या यही सच्चाई है ? इन्ही विचारों की उधेड़-बुन्न में खोए -खोए वह काजल के साथ बाजार घूमती रही . चाह कर भी कामवाली की बातें उसके मन से निकल नहीं रही थी . काजल ने उसे घूमते हुए टोका भी ,
" एकता , कहाँ खोयी- खोयी सी हो , अरे ये कामवालियां नीच होती हैं ,इनकी बातों पर ज्यादा ध्यान मत दिया करो . यह सब तो इनके हर रोज के बहाने है पैसे ऐंठने के लिए "

परन्तु फिर भी एकता को उसकी काम वाली की बातों में बहुत सच्चाई लग रही थी . रह- रह कर उसका मजबूर चेहरा उसकी आँखों के सामने घूम रहा था और उसे उस पर बहुत दया आ रही थी . उसका बस चलता तो वह उसे अपनी तरफ से पैसे दे देती पर काजल के डर से उसने ऐसा नहीं किया .

मार्च का महीना अभी शुरू ही हुआ था तो एकता ने एक दिन सोचा कि होली आने वाली है इसलिए काजल के साथ बाजार जाकर कुछ जरुरी सामान ले आए . ऐसे भी उसे काजल को मिले काफी दिन बीत गए थे . यह सोचकर वह काजल के घर पहुँच गई . जब उसने उसके घर की घंटी बजाई तो दरवाजा काजल की कामवाली कमला ने खोला . उसे देखते ही एकता ने कमला का हाल पूछते हुए काजल के बारे में पूछा तो कमला बोली ,
" बीबी जी , आपको नहीं पता ! काजल मेमसाहिब तो कई दिन से काफी बीमार है " यह कहते हुए वह उसे अन्दर के कमरे में ले गई जहाँ काजल लेटी थी . कमला ने एकता को कुर्सी दी बैठने के लिए और कहने लगी , " बीबी जी , आप बैठिये मै आपके लिए चाय लाती हूँ "

काजल एकता को देखकर बिस्तर पर थोड़ा उठ कर बैठ गई .

" अरे आओ एकता , बहुत दिनों बाद आई हो , कहो कैसे आना हुआ "

" काजल , क्या हुआ ? तुम तो काफी बीमार लग रही हो . इतनी हालत खराब थी तो मुझे कहलवा के बुला लिया होता . काफी दिक्कत आई होगी ना सब कामों के लिए "

" बस एकता , सर्दी में बुखार बिगड़ गया और टाईफाइड हो गया था . अब तो काफी सुधार है हालत में . भला हो इस कामवाली कमला का जिसने अपनों से भी बढकर बिमारी में मेरी देखभाल की है "

" काजल , सच में आज कल के भौतिकवादी युग में किसी के पास किसी के लिए समय नहीं है , ये गरीब लोग फिर भी जरूरत में साथ निभा जाते हैं "

" बस एकता , मुझे और शर्मिंदा मत करो . मै पहले ही अपने किए पर बहुत दुखी हूँ . उस दिन मैंने कमला की बेटी के बीमार होने पर उसे मात्र पचास रुपये देने से इनकार कर दिया था , उसी की सजा भुगत रही हूँ . "

" काजल अपना मन दुखी मत करो . जो हुआ सो हुआ , जब जागो तभी सवेरा . ये गरीब लोग बेचारे पचास सौ रुपये के लिए हमारे कितने काम कर देते है परन्तु फिर भी हम लोग अपनी ऐश परस्ती में तो हजारों रुपये उजाड़ देते हैं परन्तु किसी गरीब की मदद करने से कतराते है "

Thursday, 21 April 2011

"गरीब की झोंपड़ी "


"गरीब की झोंपड़ी "

गरीब की झोंपड़ी में चूल्हा जले हर दिन

यह जरुरी तो नहीं !


चूल्हे में तेल नहीं तो कभी जलने को आग नहीं ,

खाने में अन्न नहीं तो कभी रोटी को साग नहीं !


सब्जी में नमक कम तो कभी चाय में चीनी कम ,

ना तो उच्चताप का दम ,ना ही शूगर का गम !


चुटकी भर नमक के साथ,कभी मुट्ठी भर भात है ,

भूखे पेट भी होता नींद का आघात है !


हर दिन भूख तो है पर भूख का इंतजाम नहीं ,

मोटापा कम करना पड़े ,कसरत का अंजाम नहीं !


पेट की आतें सूख कर हो गई चने का झाड़ ,

चूल्हे की लकड़ी ढोना भी बन गया पहाड़ !


इक दिन आया ऐसा जब सेठ हो गया मेहरबान ,

ख़ुशी से वह बोला देखो, मै क्या हूँ लाया , भाग्यवान !


उस रोज अन्न था भरपेट,जली चूल्हे में आग भी खूब ,

पति- पत्नी इक दूजे में मग्न ,प्यार की नींद में गए ढूब!


रात में चला ऐसा तूफ़ान ,आग की लपटे छूने लगी आसमान ,

नींद में खोया सारा जहान,किसे पता झोंपड़ी बन गई शमशान !!


गरीब की झोंपड़ी में चूल्हा जले हर दिन

यह जरुरी तो नहीं !!!

Monday, 4 April 2011

चील

दूर खेतों में एक जानवर की लाश पर कई चील मंडरा रहे थे . आपस में वह मॉस नोचने के लिए लड़ रहे थे . सोहनलाल अपनी बालकनी में बैठे अखबार पढ़ रहे थे जब उन्होंने यह भयानक नजारा देखा . उनके रोंगटे खड़े हो गए यह दृश्य देखकर . पता नहीं कौन सा जानवर रात को खेतों में दम तोड़ गया होगा . जानवर पहचान पाना मुश्किल था . पर खेतों में गाय ही अक्सर घूमती हुई नजर आती थी. ये बेजुबान जानवर भी कितने बेबस होते हैं , अपनी तकलीफ को किसी को बता भी नहीं सकते . अभी सोहनलाल यह सब सोच ही रहे थे कि उन्हें गेट के बाहर कोई खड़ा दिखाई दिया . उनकी धुंधली आखों को साफ़ नहीं दिख रहा था और उनका चश्मा भी पुराना हो चला था पर उनके बेटे रोहित जैसा ही कोई लड़का खड़ा दिखाई दे रहा था .उन्हें लगा कि उम्र के इस पड़ाव पर जरुर यह उनकी आँखों का धोखा है . उन्होंने अपनी बेटी सुगंधा को आवाज लगाई , " बेटे , देखो तो गेट पर कोई खड़ा है क्या ?"

पाँच साल हो गए थे उन्हें सुगंधा के पास आए हुए . उस दौरान रोहित ने शुरू- शुरू में दो- तीन बार फोन किया था, उसके बाद तो सुगंधा ही कभी- कभार फोन कर लेती थी खैरियत पूछने और बताने के लिए . उनकी तो रोहित से बात हुए भी काफी अरसा बीत गया था .

तभी सुगंधा दौड़ी- दौड़ी आई , " पिताजी , रोहित भैया आए हैं अपने बेटे के साथ . ड्राइंग रूम में बैठे है आप भी आ जाइए . "

बेटे की खबर सुनकर सोहनलाल की आँखें भर आई पर पता नहीं क्यों उनके कदम जड्वंत से हो गए ? . चाहकर भी उनमे हरकत नहीं हो रही थी . जब तक उनकी पत्नी जिन्दा थी तब तक उन्हें किसी तरह की कोई कमी का अहसास नहीं हुआ था . बिन मांगे ही सुबह की चाय से लेकर रात के खाने तक कोई कमी नहीं आती थी . जानकी उनके दिल की हर बात बिन कहे ही जान लेती थी . पूरा घर इतनी उम्र में भी उसने बखूबी संभाल रखा था . रोहित की शादी के बाद भी उनको अपनी बहू के हाथ का एक कप चाय तक नसीब नहीं हुआ था . रोहित और उसकी पत्नी दोनों एक ही आफ़िस में नौकरी करते थे. साथ- साथ सुबह निकल जाते और देर शाम ही लौटते थे . यहाँ तक कि उनके आफ़िस के टीफिन भी जानकी ही पैक करती थी . जब रोहित का बेटा बंटी पैदा हुआ तब भी उसकी माँ का फर्ज भी जानकी ने ही पूरा किया था . कभी- कभी तो दोनों पति- पत्नी जब तक लौटते तब तक बंटी अपनी दादी की गोद में सो गया होता . माँ की गोद तो बंटी को कभी नसीब ही नहीं हुई थी . जानकी ने ही उसे पाल- पोस कर बड़ा किया था . जानकी सोहनलाल के घर की धुरी की तरह थी . जानकी क्या गई सोहनलाल के होंठों की हँसी भी साथ ले गई . जानकी के मरने के बाद रोहित ने अपने बेटे बंटी को हास्टल में डाल दिया था . सुगंधा जब अपनी माँ के देहांत के बाद उनकी पुण्य- तिथि पर आई तो उससे अपने पिता की इतनी दुर्दशा देखी नहीं गई . सुगंधा बेशक रोहित से छोटी थी परन्तु उसमे जानकी के सारे गुण मौजूद थे . सुगंधा अपने पिता को अपने साथ अपने घर ले गई . रोहित ने अपने पिता को एक बार भी रोकने की कोशिश नहीं की जैसे कि कोई बोझ सर से उतर गया हो .आज फिर एक बार सोहनलाल के दिलो- दिमाग में पुरानी स्मृतियाँ तरो- ताजा हो गई थी . जानकी को याद करते- करते उनकी आँखें भर आई . . इतनी देर में उनका पोता बंटी उनके सामने आकर खड़ा हो गया, उसे देखकर रोहित के बचपन की तस्वीरें उनकी आँखों के सामने घूमने लगी .

बंटी ने सोहनलाल के चरण छू कर प्रणाम किया तो पीछे- पीछे रोहित भी आ गया और कहने लगा ,
" पिताजी , आप तो हम लोगों को भूल ही गए हैं . बंटी तो इतने सालों में भी आपको भूला नहीं . जब भी छुट्टियों में घर आता है आपको और माँ को बहुत याद करता है . इस बार यह आपसे मिलने की बहुत जिद्द करने लगा था . "

पोते को देखकर सोहनलाल को जानकी की ममता याद आ गई कि किस तरह वह दिन- रात उसे गोद में लिए- लिए घूमती थी .
तभी बंटी बोलने लगा , " दादा जी, मै इस बार आपको लेने आया हूँ आपको मेरे साथ चलना पड़ेगा . मेरा उस घर में आपके बिना दिल नहीं लगता . दादी की बहुत याद आती है. "

जानकी का नाम सुनकर सोहनलाल का भी पोते के प्रति प्यार उमड़ने लगा और वह चाह कर भी पोते को ना नहीं कह पाए .
वहाँ जाने पर इस बार उनकी बहू का रवैया भी काफी बदला हुआ लगा . उन्हें लगा शायद सबको अपनी भूल का अहसास हो गया है .कई दिन तक तो रोहित और उसकी पत्नी ने उनकी बहुत सेवा की . सोहनलाल यह देख- देख कर फूले नहीं समाते थे . बेटे , बहू और पोते के साथ कब दस दिन बीत गए उन्हें पता ही नहीं चला . उस घर की हर चीज उन्हें जानकी की याद दिलाती थी तो बरबस ही उनकी आँखों से आंसू बह निकलते . एक दिन जब सोहन लाल अपने पोते बंटी के साथ कैरम खेल रहे थे तो रोहित भागा- भागा आया और अपने पिता को एक चिठ्ठी दिखाते हुए कहने लगा ,
" पिताजी , देखिए तो आपके नाम यह चिठ्ठी आई है जिसमे आपके दिल्ली वाले तायाजी ने अपनी सारी संपत्ति आपके नाम कर दी है . "

सोहन लाल की समझ में नहीं आया कि वह खुश हो या दुखी हो . इस उम्र में उन्हें सकून के कुछ पलों के अलावा किसी चीज की चाहत नहीं थी . रिटायरमेंट के बाद उन्हें अच्छी खासी पेंशन मिल जाती थी जो उनके लिए काफी थी . वह रोहित को कहने लगे ,
" बेटे , मुझे तो किसी चीज की लालसा नहीं है अब, तुम्हे जैसा ठीक लगता है देख लो . यह इतना बड़ा मकान है यह भी तुम्हारा ही तो है "

दो दिन बाद रोहित अपने पिता से कुछ कागजात पर हस्ताक्षर करवाने आया और अगले दिन बंटी को अपने साथ हास्टल छोड़ने के वास्ते ले गया . बंटी की छुट्टियां ख़त्म हो गई थी . पीछे से उनकी बहू ने उनका बिस्तर ऊपर की मंजिल पर बने कमरे में लगा दिया यह कह कर कि उसकी सहेलियां आती है तो उन्हें उनकी उपस्थिति में असहज महसूस होता है .
सोहनलाल बेचारे कुछ ना कह पाए और चुपचाप ऊपर की मंजिल वाले कमरे में चले गए . बंटी के चले जाने के बाद उनका मन ही ना होता कि वह अपने कमरे से बाहर निकले . वह सारा दिन अपने कमरे में पड़े रहते . परन्तु रोहित के इस तरह के व्यवहार से उन्हें इतना आघात पहुंचा कि उनकी जीने की इच्छा ही ख़त्म हो गई . उन्हें सब समझ आने लगा कि यह सब दिखावा उस जायदाद को हासिल करने के लिए था . यहाँ तक कि इस काम के लिए रोहित ने अपने बेटे का सहारा लिया . दिल्ली से वापिस आने पर भी रोहित एक बार भी उनसे मिलने नहीं आया जैसे उसका मकसद पूरा हो गया था . ठीक से ना खाने- पीने के कारण वह काफी कमजोर हो गए थे . कमजोरी होने के कारण चलना- फिरना भी मुश्किल हो गया था .

एक दिन उनके बचपन का दोस्त रमाकान्त अचानक उनसे मिलने आ पहुंचा और कहने लगा , " सोहन लाल, भाभी के देहांत के बाद तुम अचानक ही यहाँ से चले गए . मै तुमसे मिलने तुम्हारे पीछे से कई बार आया पर यहाँ जब भी आया तो ताला लगा मिला . फिर काम वाली से पता चला था कि तुम सुगंधा के पास चले गए हो . आज भी उसने ही तुम्हारे आने के बारे में बताया तो मै तुरंत तुमसे मिलने आ गया . पूरे पाँच साल बाद मिल रहे हो "
यह कहते ही रमाकान्त की आँखें नम हो गई .

" रमाकांत तुम तो सब जानते हो , जब सुगंधा जानकी के मरने के बाद यहाँ आई तो मुझे जबरदस्ती अपने साथ ले गई "

" पर अब इतने बरसों बाद तुम्हारे बेटे को तुम्हारी याद कैसे आ गई ? "

" दोस्त , तुम्हे तो सब पता चल ही गया होगा , कि आजकल रिश्ते- नातों से ज्यादा पैसे की अहमियत हो गई हैं . कहते है ना कि जरूरत में तो लोग गधे को भी बाप बना लेते हैं और रोहित जैसे बेटे तो जरूरत में बाप को गधा बना देते है "
" सोहनलाल मन दुखी मत करो , वरना भाभी की आत्मा को दुःख पहुंचेगा "

" बस दोस्त, अब तो उसके पास ही जाने की तैयारी है , जाने से पहले मुझ पर एक अहसान कर देना . इस चिठ्ठी में मेरी अंतिम इच्छा लिखी है मेरे मरने के बाद उसे पूरी कर देना " यह कहते हुए सोहनलाल ने एक चिठ्ठी रमाकांत को थमा दी .

. दिन में एक- आध बार कामवाली सोहन लाल को थोड़ा बहुत खाने के वास्ते दे जाती . कई बार तो वह खाना ऐसे ही पड़ा रहता . उनकी भूख दिन- ब -दिन मरती जा रही थी . इस बार जब छुट्टियां पड़ने वाली थी तो सोहनलाल को यह सोचकर थोड़ा अच्छा लगा कि बंटी के आने से उनका मन कुछ लग जाया करेगा . परन्तु इन्तजार की घड़ियाँ ख़त्म होने का नाम ही नहीं ले रही थी . सोहनलाल निराश हो गए क्योंकि काम वाली से उन्हें मालूम पड़ गया था कि इस बार बंटी छुट्टियों में नहीं आएगा . रोहित की शक्ल भी देखे उन्हें महीना हो गया था .
रमाकांत ने सोहनलाल की अंतिम इच्छा की चिठ्ठी शहर के सम्बंधित कार्यालय और सरकारी डिस्पेंसरी में दे दी थी .

एक दिन दोपहर के वक्त रमाकांत अपने कमरे में सुस्ता रहे थे कि कामवाली दौड़ी- दौड़ी आई और रमाकांत से हाँफते- हाँफते बोली , " बाबूजी, बाबूजी ! , जरा देखिए तो आकर सोहनलाल बाबूजी कुछ बात ही नहीं कर रहे ! कल रात का खाना भी ऐसे ही पड़ा हुआ था . मुझे तो बहुत डर लग रहा है , घर पर कोई भी नहीं है ."

" रोहित को फोन करके इत्लाह दी या नहीं ? "

" नहीं बाबूजी , मैंने फोन किया था तो साहिब जी ने कहा कि वो अभी बहुत व्यस्त हैं कुछ देर बाद बात करेंगे "

" खैर कोई बात नहीं , तुम चलो मै सरकारी डाक्टर को फोन करके आ रहा हूँ "

रमाकांत ने जल्दी से सरकारी डाक्टर को फोन किया और सोहनलाल को देखने उसके घर पहुंचा तो सरकारी डाक्टर भी साथ ही पहुंचा गया .
डाक्टर ने सोहनलाल को चेक किया और अपना सर नीचे झुका लिया , " रमाकांत जी , इन्हें गुजरे हुए तो दस घंटे बीत चुके हैं . इनके बेटे को जल्द से इत्त्लाह कर दो "
रमाकांत ने भरी आँखों से सोहनलाल की अंतिम इच्छा वाली चिठ्ठी की एक कापी डाक्टर को दिखाई . डाक्टर ने वहीँ से ही अस्पताल फोन करके सोहन लाल की अंतिम इच्छा बताई कि मृत्युपर्यंत उनके शरीर को उनका बेटा हाथ ना लगाए को ध्यान में रखते हुए सरकारी अम्बुलेंस भेजने की अपील की .


जब तक रोहित घर पहुंचा तब तक अम्बुलेंस उनके पार्थिव शरीर को अपने साथ ले जा रही थी . जब रोहित अम्बुलेंस के पास अपने पिता को देखने पहुंचा तो डाक्टर ने चिठ्ठी रोहित के हाथ में थमा दी और रमाकांत को अन्दर बैठने का इशारा किया . रमाकांत जल्द से अम्बुलेंस में बैठ गए और अम्बुलेंस का दरवाजा बंद कर लिया .
रमाकांत को ऐसा लगा कि जैसे कोई चील तीव्र गति से उनके दोस्त के मृत शरीर की तरफ बढ रहा हो.

.इतनी देर में सोहनलाल के घर के आस -पास के लोग उनके देहांत की खबर सुनकर वहाँ इकट्ठे हो गए थे और सोहनलाल की आत्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना कर रहे थे.

Saturday, 12 March 2011

"मनमीत "



"मनमीत "

आँखें लगी कब से तेरी राहों में ,
कब लोगे अपनी पनाहों मे ,
काजल बिन कजरारे हो गए नैन,
जबसे बसे हो तुम निगाहों में !

सतरंगी बिखर गई फिजाहों में ,
सावन के झूलें तेरी बाहों में ,
गजरे की महक कर रही बेचैन,
प्रेम रस बरसे काली घटाओं में !

भटक रहे थे कब से गुनाहों में,
सजदे खुदा के तेरी बलाओं में ,
रातों को नींद ना दिन को चैन,
मर मिटे हम तेरी वफाओं में !

सतरंगी सुर बज उठे हवाओं में ,
सपने बुन बैठे तेरी अदाओं में ,
तेरी छूअन का ख्याल कर दे बेचैन
मन्नत मांगे मिलन को दुआओं में !


Monday, 7 March 2011

देवदूत




तरह- तरह के विचारों की उधेड़ -बुन में रेवती ने अपने बॉस के कमरे में प्रवेश किया, इससे पहले कि वह कुछ कहती ,उसके बॉस प्रशांत ने रेवती को बैठने के लिए कहा और बेल बजाकर चाय मंगवा ली .
" सर , मै आपसे कुछ कहना चाहती हूँ " हिचकिचाते हुए रेवती बोली

" मै भी कई दिनों से तुमसे कुछ कहना चाहता था . मै तुम्हारी बहादुरी से बहुत प्रभावित हूँ. तुम ना केवल प्रतिभावान हो बल्कि बहुत गुणवान भी हो . मै चाहता हूँ "................कहते- कहते वह रुक गया

कुछ देर कमरे में शान्ति छायी रही फिर गहरी सांस भरते हुए प्रशांत ने फिर से कहना शुरू किया ..

" रेवती मै तुम्हे चाहने लगा हूँ और तुमसे शादी करना चाहता हूँ पर शायद दूसरी बिरादरी का होने के कारण तुम्हारे घर वाले मुझे पसंद न करे "

रेवती तो खुद प्रशांत से यही बात करना चाहती थी जैसे उसके मन की बात उसने बिना कहे भांप ली हो .वह मन ही मन भगवान् को धन्यवाद देने लगी कि वो तो बहुत पहले से ही प्रशांत को अपना मान चुकी थी .
" सर, आप तो जानते हो कि मेरे घर वाले बहुत रूढ़िवादी हैं और ऊपर से मेरे साथ उस रात का वाकिया जो कि मेरे जीवन के लिए अभिशाप बन गया है " यह कहते ही रेवती ने रोना शुरू कर दिया .
" उस रात वाली घटना में तुम्हारा कोई कसूर नहीं . बल्कि तुम्हे तो तुम्हारी बहादुरी के लिए मेडल मिलना चाहिए .रेवती घबराओ मत , जब तक तुम्हारे घर वाले इस शादी के लिए तैयार नहीं होंगे मै तुम्हारा इन्तजार करूँगा . उस घटना को एक बुरा सपना समझ कर भूल जाओ . और अब हमारे में कोई औपचारिकता नहीं है मुझे सर मत कहा करो "


रेवती बचपन से ही बहुत ही शरारती लड़की थी , हर किसी से चाहे वह अखबार वाला हो , दूध बेचने वाला हो , सब्जी वाला हो या फिर पोस्टमेन हो सभी से बेझिझक दिल खोल कर बातें कर लेती थी .उसकी दुनिया में आदमी हो या औरत सब सज्जन लोग थे .लड़कों के साथ साइकिल चलाना , कंचे खेलना उसकी रोज की दिनचर्या थी और जब कभी साइकिल से गिर जाती या फिर कंचे खेलती हार जाती थी तो सब लड़के उस पर हंसने लगते थे .उस पर उसे इतना गुस्सा आता था कि वह उन्हें खूब बुरा भला कहती . एक बार लड़कों के साथ मुकाबला करते तेज रफ़्तार से साइकिल चलाते हुए गिरने से उसकी हाथ की हड्डी भी टूट गई थी, आखिर थी तो नाजुक ही पर करना चाहती थी लड़कों से मुकाबला . कुल मिलकर वह अत्यंत साहसी लड़की थी और नेतृत्व करने के भी सारे गुण उसमे विद्यमान थे . मगर समाज में लड़के और लड़की को लेकर फैले हुए विभेद के कारण उसके मन में विद्रोह की ज्वाला भी धधकती थी .उसे बहुत खराब लगता जब उसकी माँ उसके भाई को हर समय कान्हा- कान्हा कह कर पुकारती उसके पीछे- पीछे घूमती रहती . जब रेवती को अपनी माँ की बातों पर गुस्सा आता तो उसकी माँ उसे सफाई देते हुए कहती ,
" तुम तो शादी करके पराये घर चली जाओगी क्योंकि लडकियां तो होती ही पराया धन है तब हमारे बुढ़ापे की लाठी तो मेरा कान्हा ही बनेगा "

रेवती मन ही मन कुढ़कर रह जाती .उसके बालमन में इस विभेद को लेकर एक आक्रोश पनपता जा रहा था जिसकी खबर उसे स्वयं भी नहीं थी. उसके पिताजी अक्सर उसके खिन्न हुए चेहरे को भांप लेते थे और उसे सात्वना देते हुए कहते थे ,
" रेवती बेटे, तुम अपनी माँ की बातों का बुरा मत माना करो, तुम्हे पता तो है वह पुराने जमाने की है और आजकल के बदले समय में भी उसके दकियानूसी विचार बदले नहीं है "

पिता की बातें सुनकर उसे कुछ तसल्ली मिल जाती और वह पिता के सीने से चिपक जाती और मन ही मन सोचती कि हर लड़की को ऐसे ही पिता मिले .

पढ़ाई में भी होशियार होने के कारण रेवती ने अच्छे अंकों में शहर के कालेज से कामर्स में बी. काम. की डिग्री हासिल कर ली और साथ वाले ही शहर में एक बैंक में उसे नौकरी भी मिल गई .पर जैसे ही उसने अपनी नौकरी की खबर घर में बताई तो एक तूफ़ान-सा आ गया हो जैसे. उसकी माँ तो बिल्कुल भी उसे बाहर भेजने को तैयार नहीं थी . काफी मुशक्कत करने के बाद उसके पिताजी के बीच- बचाव करने के कारण जैसे- तैसे उसकी माँ तैयार हो गई . नौकरी के साथ- साथ उसने पत्राचार से अपनी आगे की पढ़ाई भी जारी रखी . स्वतंत्र विचारों की होने के कारण नौकरी के साथ उसमे काफी बदलाव आ गया . अब वह अपने मन मुताबिक़ आधुनिक परिधान पहनने लगी और अपने आफ़िस के स्टाफ के साथ बैंक के काम के सिलसिले में लोगों से मिलने बाइक पर इधर- उधर जाने लगी. रेवती की इच्छा थी कि वह समय आने पर अपने विवाह का खर्च भी खुद ही उठाये जब कि उसके पिता बैंक में मैनेजर थे पर फिर भी वह माता- पिता पर किसी तरह का बोझ नहीं डालना चाहती थी .

रेवती की पढ़ाई पूरी होते ही जात बिरादरी वाले उसके माता- पिता को बिन मांगे सलाह देने लगे कि रेवती अब जवान हो गई है इसलिए जल्द ही उसके हाथ पीले कर दो वरना आज कल के जमाने का क्या भरोसा . रिश्तेदारों के बार- बार कहने पर उसके माता- पिता को भी उसके विवाह की चिंता होने लगी . एक बार उसकी माँ ने रिंकी से अकेले में कहा ,
" रेवती अब तो तुम्हारी पढ़ाई भी पूरी हो गई है और अच्छी नौकरी भी कर रही हो तो हम सोच रहे है कि कोई अच्छा सा लड़का देखकर तुम्हारी शादी कर दे , तुम्हारा क्या विचार है ? ."

"मेरी शादी के लिए इतनी चिंता क्यों कर रही हो ,मेरे से जल्द पीछा छुड़ाना चाहती हो ना !आज तक तो मेरी चिंता की नहीं .जब मै अच्छे से सेट हो जाउंगी तो अपने बलबूते पर अपनी शादी कर लूंगी आज के बाद मुझे शादी के बारे में कभी मत पूछना ."
बहुत ही कर्कश आवाज में रेवती ने अपनी माँ को जवाब दिया .शुरू से रेवती के मन में अपनी माँ के रवैये के कारण आक्रामक तेवर घर चुके थे .वह मन ही मन सोचा करती थी कि अगर उसके बेटी होगी वह अपनी बेटी से कभी भी इस तरह का बर्ताव नहीं करेगी.

उसकी माँ बात- बात पर रेवती पर छीटाकशी करने से बाज नहीं आती थी ,
" तुम्हारे जैसी लडकियां जब ससुराल जायेंगी तो खानदान की नाक जरुर कटवायेंगी .तुम्हे तो कोई भी बात कह दो तो गुस्से से आग बबूला हो जाती हो .माँ होने के नाते तुम्हारे विवाह की चिंता मै नहीं करुँगी तो क्या पड़ोसी करेंगे? "

रेवती से भी रहा नहीं जाता था ,
" माँ, तुम तो हर समय ऐसी बातें करती हो जैसे मेरी सौतेली माँ हो . पिताजी से भी समय- असमय झगडा करती रहती ही और रानी सती की तस्वीर के सामने बैठकर सारा दिन रामचरित मानस पढ़ती रहती हो . कभी भी समय निकाल कर धैर्य से किसी के मन की बात जानने की भी कोशिश की है और बचपन से ही अपने दकियानूसी विचारों के कारण मेरे साथ पक्षपात करती आई हो "

.ये सब बातें सुनकर उसकी माँ एक कोने में बैठ कर रोने लगती और भगवान् से मन ही मन प्रार्थना करने लगती कि भगवान् रेवती को सन्मति कब देगा .

ऐसे ही हर समय माँ- बेटी के बीच में अंतर्कलह चलता रहता था .कई बार उसके पिताजी के हस्तक्षेप के बावजूद भी कोई समाधान नहीं निकल पाता था .

एक जीवन की घटना ने रेवती के जीवन को इस कदर बदल दिया जिसकी उसने कल्पना भी नहीं की थी .उसका घर शहर से दूर एक अलग- थलग जगह पर हवेलीनुमा बना हुआ था . आस- पास कोई भी और घर नहीं बना हुआ था . बस आस -पास खेत , कुछ कंपनियों के मुख्यालय और कुछ वर्कशाप आदि थे जो कि रात के समय बंद हो जाते थे .रेवती हर छुट्टी को अपने घर आ जाया करती थी इसलिए अगले दिन रविवार था इसलिए वह अपने घर पर ही थी . उस रात को कुछ सेंधमारों ने उसके घर की खिड़की से दबे पाँव उसके घर में प्रवेश किया .घर में तीन - चार बड़े हाल नुमा कमरे बने हुए थे . एक कमरे में उसके माता- पिता और और एक कमरे में उसका छोटा भाई और तीसरे कमरे में वह सोई हुई थी .रेवती वाले कमरे में एक बड़ी सी अलमारी पड़ी थी .चोरों ने बारी- बारी सब कमरों की सेंध ली . रेवती के कमरे को छोड़कर उन्होंने सारे कमरे बाहर से बंद कर दिए और रेवती वाले कमरे की अलमारी तोडनी शुरू की .एक चोर रेवती के मुँह में कपड़ा ठूंस कर उसे बाँधने लगा तो रेवती की नींद खुल गई ,रेवती की समझ में कुछ नहीं आया पर उसने उस चोर के हाथ को काट लिया तो दर्द के मारे चोर ने रेवती के मुँह पर जोरदार तमाचा मारा . रेवती को मुकाबला करता देख दोनों चोर मिलकर उसे मारने लगे.

रेवती ने तुरंत ही हकीकत को भांप लिया .उसे लगा कि वह किसी घोर मुसीबत में है . उसे लगा कि चोरों ने उसके माता- पिता और भाई को या तो बेहोश कर दिया है या फिर उनकी जान खतरे में है .ऐसा सोचते ही कि शायद अब उसे अकेले ही इनका मुकाबला करना है एक अनजान शक्ति उसके शरीर में प्रवेश कर गई . उसने जोर- जोर से चिल्लाते हुए पास में पड़ी एक लाठी से चोरों पर प्रहार करना शुरू कर दिया . चोरों को इस तरह के मुकाबले की एक लड़की से बिल्कुल उम्मीद नहीं थी इसलिए वह घबरा गए और वहाँ से नौ दो ग्यारह हो गए .रेवती का सर चकरा रहा था . चोरों को भागता देखकर वह बरामदे तक गई और अपने माता- पिता के कमरे की चिटकनी खोलकर वहीँ बेहोश होकर गिर गई . इतनी देर में रेवती की आवाजें और शोर गुल सुनकर उसके माता- पिता जाग गए थे और दरवाजा खोलने का भरसक प्रयास कर रहे थे . वे अपनी फूल-सी कोमल लड़की को इस तरह देखकर घबरा गए .सारा माजरा समझते ही वह सोच में पड़ गए कि आखिर उनकी बेटी ने किस तरह से खतरनाक गुंडों का सामना किया होगा . रेवती की सांस तो चल रही थी परन्तु आँख और चेहरे पर लगतार प्रहार के कारण चेहरा नीला पड़ गया था और गर्दन पर भी तमाचे के निशान पड़ गए थे .

सुबह होते- होते घर पर पुलिस आ गई और तरह- तरह की तहकीकात करने लगी .रात की घटना की बात सब जगह आग की तरह फ़ैल गई और उनके घर पर मित्रों , रिश्तेदारों और पड़ोसियों का तांता लगना शुरू हो गया . लोग आपस में तरह- तरह की बातें करने लगे . कोई रेवती की हिम्मत की दाद दे रहा था तो कोई चोरों को कोस रहा था तो कोई चोरी के माल के बारे में जानने को उत्सुक था . किसी- किसी को आज कल के समय में जान माल को लेकर अनिश्चितता सता रही थी .इस तरह हर कोई अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहा था . कोई- कोई तो रेवती को ही कसूर वार ठहरा रहे थे.

लोग बातें कर रहे थे कि इतने अच्छे कपड़े बाहर पहन कर जाएगी तो आवारा लोग तो पीछा करेंगे वरना इसके यहाँ होने पर ही चोर घर में क्यों घुसेंगे . आज तक तो कोई आया नहीं घर में चोरी करने .जितने मुँह उतनी बातें थी. रेवती के कानों में भी सब बातें पड़ रही थी .डाक्टर ने रेवती की मरहम पट्टी कर दी और उसे आराम करने की सलाह दी. उसके बैंक में जब बात पहुँची तो उसके साथी लोग उसका हाल- चाल पूछने उसके घर पर आए .सभी सहानुभूति जता रहे थे और रेवती की बहादुरी की तारीफ़ भी कर रहे थे . उसके बॉस प्रशांत ने तो उसकी तारीफ़ में यह तक कह दिया ,
" रेवती तुम तो रियल हीरो हो .मुझे नाज है कि तुम्हारे जैसी बहादुर लड़की हमारे बैंक में काम करती है ."

प्रशांत की प्रशंसा पाकर रेवती को बहुत आत्मबल मिला जिससे ना उसके बाहरी घाव भरने में मदद मिली बल्कि उसके बेचैन मन को भी बहुत तसल्ली मिली.

एक दिन जब वह बाज़ार अपने पिताजी के साथ कुछ जरुरी काम से गई तो एक दुकानदार से बोले बिना रहा नहीं गया ,
" गुप्ता जी, क्या यह वही लड़की नहीं है जिसके लिए कुछ आवारा गुंडे घर में घुस आए थे कोई अप्रिय घटना तो नहीं घटी ?"

"नहीं ऐसी कोई बात नहीं है " ऐसा कहते हुए रेवती के पिता ने दूसरी दुकान की तरफ रुख कर लिया मगर रेवती का संवेदनशील मन तड़प उठा .

उधर दूसरी तरफ उनकी बिरादरी के कुछ लोग खड़े थे , उनको आता देख उसके पिता से कहने लगे ,
" इस हादसे के बाद आप कितना भी दहेज़ खर्च कर लो मगर आपकी बेटी की शादी अब बिरादरी में होना तो काफी मुश्किल है "

रेवती के मन में एक- एक बात शूल की तरह चुभ रही थी कि क्या यही समाज है ? कि उसकी हिम्मत की दाद देने की बजाय कितनी कडवी बातें मुँह से निकालने से बाज नहीं आते है . उसे जात बिरादरी के नाम से नफरत होने लगी कि ये समाज के ठेकेदार है क्या ? . उसे लगा कि इससे अच्छा उसकी जान ही चली जाती उस दिन तांकि उसके माता- पिता को उसकी वजह से शर्मिंदगी भरी बातें तो ना सुननी पड़ती .

ये सब बातें सुन- सुनकर रेवती के कान पक गए थे इसलिए उससे रहा नहीं गया और अपने पिता से बोली ,
" चलिए पिताजी, घर चलिए , बस हो गई जितनी खरीदारी होनी थी "

" रुको रेवती , पहले पूरा सामान तो लेले , तुम्हारी मम्मी ने जो सामान की लिस्ट दी थी उसमे से अभी काफी चीजें बाकी है "

"रहने दो पिताजी, बाद में ले लेना मेरे सर में दर्द हो रहा है "

उसे अपने सर में भारीपन महसूस हो रहा था और जी मिचला रहा था . घर जाते ही किसी से बिना कुछ कहे वह औंधे मुँह बिस्तर पर लेट गई . पिताजी को इस बात का अहसास हो गया था कि सबकी बातों की वजह से ही रेवती का मन उदास हो गया था . उसके पिताजी के कहने पर उसकी माँ ने कमरे में जाकर रेवती को समझाने का प्रयास किया ,
" देखो रेवती बेटे ,दुनिया वालों की बेसिर पैर की बातों का बुरा नहीं मानते . लोगों को तो बातें करने का कोई ना कोई बहाना मिलना चाहिए " .

रेवती ने अपनी माँ की बातों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं जताई . उसके भीतर तो लोगों की बातों के कारण अपनी अस्मिता को लेकर एक भयंकर तूफ़ान उथल- पुथल मचा रहा था .बचपन से लेकर अपनी माँ के पक्षपात व्यवहार से लेकर , घर में माता- पिता के बीच घरेलु झगडे , और अब बिरादरी वालों की घटिया टीका- टिपण्णी से वह भीतर ही भीतर टूटती जा रही थी . उसे अपनी बिरादरी के ठेकेदारों से नफरत हो गई थी . उसके लिए कई अच्छे- अच्छे रिश्ते भी आए पर उसने अपनी दकियानूसी बिरादरी में शादी करने से साफ़ इनकार कर दिया .

रेवती की इस तरह की आक्रोश भरी बातें उसकी माँ ने कभी नहीं सुनी थी. उसे रेवती के व्यवहार पर क्रोध भी आ रहा था उस पर दया भी आ रही थी मगर उस नाजुक समय में उसने चुप रहना बेहतर समझा . अपनी माँ को चुप हुआ देखा कर रेवती ने सब घर वालों के सामने ऐलान कर दिया ,
" आप सभी मेरी शादी की चिंता छोड़ दे , मैंने अपनी पसंद का वर ढूँढ लिया है "

" अपनी पसंद का वर ? " क्या कह रही हो ? उसके पिता ने हैरान होते हुए कहा " कौन है वह ? "

" समय आने पर सब बता दूंगी , बस यही कि वह अपनी जाति का नहीं है "

यह सुनकर उसके पिता का कलेजा तो फटने को हो गया ऊपर से वे हृदय रोगी थे . इकलौती बेटी का इस तरह का निर्णय सुनकर उनके पसीने छूटने लगे . क्या रह जाएगी उनकी जात बिरादरी में इज्जत ? यही कि एक उच्च अधिकारी होने के बावजूद भी अपनी बेटी का विवाह अपनी जाति में नहीं करवा सके . सभी लोग यही ताना मारेंगे ना कि बिरादरी में लड़कों की कमी पड़ गई जो इस तरह की हिमाकत कर रहे हैं .यही सब सोचते- सोचते पिता का चेहरा पीला पड़ने लगा और वह गश खाकर नीचे गिर गए . सबने मिलकर बड़े प्रयास के साथ उन्हें किसी तरह बिस्तर पर आराम करने के लिए लिटाया और रेवती को समझाने लगे .,
" देखो रेवती तुम्हारे पिता एक तो पहले से ही हृदय रोगी है और ऊपर से तुम्हारी जाति के बाहर शादी का निर्णय वह बर्दाश्त नहीं कर पायेंगे ऐसा ना हो कि उन्हें कुछ हो जाए "

" हर बात आप लोग मेरे सर पर क्यों थोप देते हो . हर गलत बात की मै ही जिम्मेवार क्यों बन जाती हूँ लड़की हूँ इसीलिए ना .............
" जो मेरी किस्मत में लिखा होगा मै सहन कर लूँगी . मुझे वैसे भी सब कुछ सहन करने की आदत पड़ गई है " रेवती ने बड़े ही रूखे स्वर में उत्तर दिया .

रेवती के इस उत्तर ने घरवालों को स्तब्ध कर दिया .और उन्होंने उसे दुष्ट , कुल्टा ना जाने क्या- क्या कहकर संबोधित किया और वहाँ से चले गए

अब रेवती अकेली रह गई थी . उसने अभी तक अपने मन की बात किसी से नहीं कही थी ना ही उसने कोई लड़का देख रखा था .वह एकांत में शांत होकर अपने मन को टटोलने लगी .रह- रह कर उसकी आँखों के सामने उसके बॉस प्रशांत का चेहरा घूमने लगा और उसे उनके कहे शब्द याद आ रहे थे कि "रेवती तुम एक बहादुर लड़की हो, मुझे तुम पर नाज है ".उसका बॉस प्रशांत उससे था तो दो साल ही बड़ा मगर अपनी प्रतिभा के बल पर वह बैंक का मैनेजर बन गया था . गोरा रंग, लम्बा कद, चेहरे पर गाम्भीर्य और होंठों पर सदा मुस्कराहट थिरकती रहती थी .मन ही मन वह अपने बॉस को पसंद करती थी और अब उस हादसे के बाद तो वह उनकी बहुत इज्जत भी करने लगी थी .रेवती जानती थी कि उनके परिवार वाले शुद्द शाकाहारी है और प्रशांत के परिवार में खाने- पीने को लेकर इस तरह की कोई रोक- टोक नहीं थी .अगर वह मान भी गया तो क्या सांस्कृतिक विभेद उनके रिश्ते में दरार पैदा नहीं करेगा .परन्तु वह इतने समय में प्रशांत को काफी जानने लगी थी कि वह बहुत समझदार इंसान है और कभी भी उसे मंझधार में नहीं छोड़ेंगे.

तभी कमरे में चपरासी चाय लेकर आ गया तो प्रशांत ने रेवती को चाय लेने को कहा , " रेवती , चाय लो . अरे ,कहाँ खो गई हो? अपने दिमाग पर ज्यादा जोर मत डालो सब ठीक हो जाएगा " .
यह कहते- कहते प्रशांत उठकर रेवती के पास आ गया और उसने अपना हाथ रेवती के हाथ पर रख दिया.
" प्रशांत , आपका दिल कितना बड़ा है , सच में आप एक बहुत ही महान इंसान हो. इंसान की पहचान उसके व्यक्तित्व से होती है ना कि जात बिरादरी से "
रेवती के मन में माँ का खौफ , पिता की बिमारी , जात बिरादरी का डर ,इत्यादि विचार उसके मस्तिष्क को कुरेद रहे थे . इस नाजुक समय में उसे लगा कि प्रशांत जैसे कोई मसीहा या कोई देवदूत बनकर उसके जीवन में आ गया हो जिसके लिए वह बरसों से इन्तजार कर रही थी .जिसे वह किसी कीमत पर ठुकराना नहीं चाहती थी. जो बिन कहे उसके मन को समझता था .उसका मन हो रहा था कि वह उसके क़दमों में अपना सर झुका दे और अपने जीवन की बागडोर हमेशा के लिए उसे सौंप दे.